नियमगिरि सुरक्षा समिति के अध्यक्ष लाडा सिकाका को पुलिस ने हिरासत में लिया

लाडा सिकाका बॉक्साइट खनन के खिलाफ शांतिपूर्ण आंदोलन का नेतृत्व करने के लिए जाने जाते हैं।

भुवनेश्वर: नियमगिरि सुरक्षा समिति के अध्यक्ष लाडा सिकाका को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार, उन्हें कल्याणसिंहपुर आर्म्ड पुलिस फोर्स ने घर लौटते समय हिरासत में लिया।

यह जानकारी ओडिशा के प्रमुख पर्यावरण कार्यकर्ता प्रफुल्ला सामंतरा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए साझा की।

लाडा सिकाका डोंगरिया कोंध समुदाय के एक प्रमुख आदिवासी नेता और मानवाधिकार कार्यकर्ता हैं। वे वेदांता रिसोर्सेज द्वारा बॉक्साइट खनन के खिलाफ दशकों लंबे शांतिपूर्ण संघर्ष में नियमगिरि सुरक्षा समिति का नेतृत्व करने के लिए जाने जाते हैं।

सामंतरा ने अपने पोस्ट में लिखा है कि नियमगिरि सुरक्षा समिति के अध्यक्ष लाडा सिकाका को पुलिस ने बिना किसी वारंट या कारण बताए तब हिरासत में ले लिया जब वे लांजीगढ़ की अदालत में पेश होने और एक पुराने मामले में जमानत मिलने के बाद अपने गांव लौट रहे थे।

सामंतरा ने कहा है कि सिकाका ने न तो कोई आंदोलन किया था और न ही कोई अपराध या भड़काने वाला काम, फिर भी पुलिस की मंशा उन्हें झूठे आरोप में जेल भेजने की है। उन्होंने कहा है कि लाडा सिकाका ने हमेशा संवैधानिक अधिकारों के लिए लोगों के संघर्ष का अहिंसक तरीके से नेतृत्व किया है। उन्होंने इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा है कि पुलिस अधिकारियों से उनकी अपील है कि वे उन्हें झूठे आरोप में जेल न भेजें।

ओडिशा में पर्यावरण मुद्दों पर काम करने वाली संस्था आंचलिक परिवेश सुरक्षा संघ के प्रमुख सत्यनारायण राव ने भी लाडा सिकाका को हिरासत में लिए जाने की निंदा करते हुए कहा है कि हम एक जमीनी कार्यकर्ता के अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी की निंदा करते हैं।

Leave a Reply