संतालों की नई पीढी को परंपरा से जोड़ने की पहल
दुमका : झारखंड के दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड के कौरशिला गांव के लेखा होड़ (संताल गांव संचालक) की पहल पर ग्रामीणों द्वारा पारंपरिक पूजा स्थल मांझी थान में साप्ताहिक पूजा की 19 अप्रैल 2026 को शुरुआत की गई। इस अवसर पर गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने सामूहिक रूप से मांझी थान में एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार धूप, अगरबत्ती, जल, लड्डू, गुड़, चूड़ा, पानी आदि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
लेखा होड़ ने बताया कि वर्तमान समय में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को संरक्षित रखने तथा बच्चों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से इस साप्ताहिक मांझी थान पूजा की शुरुआत की गई है। यह पूजा संताल आदिवासी समाज के आराध्य देव मरांग बुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने हेतु आयोजित की जाती है।

पूजा की थाली लेकर मांझी थान जातीं परंपरागत वेशभूषा में आदिवासी महिलाएं।
साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शांति तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह पहल विशेष रूप से युवा पीढ़ी और बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के लिए की गई है, ताकि वे अपने रीति-रिवाजों को समझें, उनका सम्मान करें और उस पर गर्व महसूस करें। इस अवसर पर बच्चों को सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति प्रेरित करने हेतु विशेष प्रार्थना की गई, जिसमें नशा से दूर रहने, नियमित विद्यालय जाने, माता-पिता एवं बुजुर्गों का सम्मान करने का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों का कहना है कि साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) से गांव और परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और भाईचारा बढ़ेगा तथा धर्म, संस्कृति और सभ्यता को बचाए रखने में मदद मिलेगी। यह आगे चलकर संताल समाज को धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक रूप से मजबूत करेगा।पूजा के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा दान भी किया गया।

ऐसे आयोजनों के दौरान बच्चे काफी उत्साहित रहते हैं और अपनी परंपरा के प्रति उनकी समझ बढती है।
ग्रामीणों ने निर्णय लिया कि प्रत्येक साप्ताहिक मांझी थान पूजा में दान स्वरूप प्राप्त राशि का उपयोग केवल मांझी थान की मरम्मत और अन्य सामाजिक व धार्मिक कार्यों में किया जाएगा। इस राशि का उपयोग हड़िया या अन्य नशे की वस्तुओं पर नहीं किया जाएगा।
पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस साप्ताहिक पूजा में मकलु सोरेन, किशोर हेम्ब्रम, सोना मरांडी, सकदी सोरेन, मकलु मुर्मू, मीरु मरांडी, सकदी हेम्ब्रम, निर्मला सोरेन, मकलु बेसरा, सोना हेम्ब्रम, रुबेन हेम्ब्रम, जेठा सोरेन, लुखिराम मरांडी, नोरेन मरांडी, नवीन टुडू, सच्चिदानंद सोरेन सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग एवं बच्चे उपस्थित थे।