गोड्डा (झारखंड) : झारखंड के गोड्डा जिले के निवासी व संताली साहित्यकार एवं शिक्षक मंचन हांसदा का रविवार, पांच अक्टूबर 2025 को सड़क दुर्घटना में निधन हो गया। उनके निधन पर संताल परगना क्षेत्र के संताल समाज के कई प्रमुख लोगों ने दुःख व शोक व्यक्त किया है। मंचन हांसदा एक अच्छे बांसुरी वादक व ओलिचिकी लिपि व संताली भाषा-साहित्य की चिंता करने वाले शख्स थे।
जानकारी के अनुसार, मंचन हांसदा दुर्घटना के शिकार उस वक्त हुए जब वे अपने दो बच्चों को बाइक पर लेकर मधुपुर स्कूल छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान सारवां थाना क्षेत्र में उनकी बाइक का सामने से आ रही दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद उन्हें इलाज के लिए देवघर शहर ले जाया गया, जहां से उन्हें रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। हालांकि उनकी जान नहीं बचायी जा सकी। दुर्घटना में उनकी बेटी तारामुखी हांसदा व बेटा प्रतिमा हांसदा भी घायल हुए हैं।

मंचन हांसदा गोड्डा जिले के पथरगामा ब्लॉक के कोमरसी गांव के निवासी थे। वे एक सरकारी विद्यालय में बतौर शिक्षक तैनात थे। वे संताली भाषा, संस्कृति, साहित्य के पहरेदार व संरक्षक के रूप में सक्रिय थे।
उनके निधन पर समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन ने दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि वे संताली संस्कृति को सहेजने के लिए प्रयासरत रहते थे और एक अच्छे इंसान व अच्छे बांसुरी वादक थे। वे समाज के काम में हमेशा सक्रिय रहते थे।