राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से सम्मानित होंगे भारत सेवाश्रम संघ, पाथरा के सचिव स्वामी नित्यव्रतानंद जी महाराज

रानीश्वर /दुमका / जामशेदपुर : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू कल से दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंच रही हैं। अपने इस दौरे के क्रम में वे 29 दिसंबर को जमशेदपुर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगी।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू करनडीह स्थित दिसोम जाहेरगढ़ में आयोजित ओल चिकि लिपि शताब्दी समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इस अवसर पर राष्ट्रपति जाहेरथान परिसर का परिदर्शन करेंगी तथा पूजा-अर्चना भी करेंगी।

कार्यक्रम के दौरान संताली भाषा, साहित्य एवं ओल चिकि लिपि के संरक्षण, संवर्धन और प्रचार-प्रसार में उत्कृष्ट योगदान देने वाले शिक्षकों, साहित्यकारों एवं समाज सेवा संस्थानों से जुड़े नागरिकों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जाएगा।

इसी क्रम में इस गरिमामय समारोह में शामिल होने हेतु आयोजकों द्वारा भारत सेवाश्रम संघ, दुमका शाखा के सचिव स्वामी नित्याब्रतानंद जी महाराज को भी आमंत्रित किया गया है। स्वामी जी को दुमका ज़िला के रानीश्वर प्रखंड अंतर्गत पाथरा गाँव में शिक्षा एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू के द्वारा “ओल चिकि शताब्दी पुरस्कार” से सम्मानित किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि स्वामी नित्याब्रतानंद जी महाराज वर्ष 2005 से दुमका ज़िला के रानीश्वर प्रखंड स्थित पाथरा गाँव में संचालित भारत सेवाश्रम संघ में सचिव पद पर कार्यरत हैं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने दुमका ज़िला के सुदूरवर्ती एवं आदिवासी बहुल गाँवों में ग़रीब, असहाय एवं वंचित लोगों के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

राष्ट्रपति का यह दौरा संताली भाषा, साहित्य एवं आदिवासी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायी पहल के रूप में देखा जा रहा है I

Leave a Reply