दान में आने वाले पैसों का दुरुपयोग नहीं करने की दी गयी सलाह। सार्वजनिक धन का सही कार्याें में ग्रामीण करेंगे उपयोग।
दुमका: झारखंड के दुमका जिले के रानीश्वर प्रखंड के कठालिया गांव में समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन, आनंद टुडू, अर्जुन मुर्मू की संयुक्त पहल पर गांव के लेखा होड़ (गांव को संचालित करने वाले) तथा ग्रामीणों ने संताल आदिवासी समुदाय द्वारा अपने पारंपरिक पूजा स्थल मांझी थान में 12 अप्रैल 2026, दिन रविवार को साप्ताहिक पूजा की शुरुआत की।
इस अवसर पर गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने सामूहिक रूप से मांझी थान में एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार धूप, अगरबत्ती, जल, लड्डू, गुड़, चूड़ा आदि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

बोंगा बुरु के लिए पारंपरिक वेशभूषा में तैयार होकर जाते संताल बच्चे व महिलाएं।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए मांझी थान में सामूहिक साप्ताहिक पूजा अत्यंत आवश्यक है। यह पूजा संताल आदिवासी समाज के आराध्य देव मरांग बुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए आयोजित की जाती है।
इस अवसर पर समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन ने कहा साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शांति तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह पहल विशेष रूप से युवा पीढ़ी और बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के लिए की गई है, ताकि वे अपने रीति-रिवाजों को समझें, उनका सम्मान करें और उस पर गर्व महसूस करें।

पूजा की तैयारी का एक दृश्य और परंपरागत वाद्य यंत्र।
समाजसेवी ने आगे कहा कि यह सप्ताहिक पूजा संताल समाज के लिए मील का पत्थर साबित होगी, जो आगे चलकर संताल समाज को धार्मिक, आध्यात्मिक, सामाजिक रूप से मजबूती प्रदान करेगी। इस अवसर पर बच्चों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने के लिए विशेष विनती(प्रार्थना) भी की गई, जिसमें नशा से दूर रहने, नियमित रूप से विद्यालय जाने, माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करने का संदेश दिया गया।
ग्रामीणों का मानना है कि साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) से गांव और परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और भाईचारा बढ़ेगा तथा धर्म, संस्कृति और सभ्यता को बचाए रखने में मदद मिलेगी, जो आगे चलकर संताल समाज को धार्मिक, आर्थिक, सामाजिक रूप से मजबूत करेगा।

मांझी थान (मांझी स्थान) में पूजा का एक दृश्य।
सभी मरांग बुरू श्रद्धालुओं ने पूजा में पैसे भी दान किया। ग्रामीणों ने यह भी निर्णय लिया कि हर सप्ताहिक मंझी थान पूजा में सभी भक्त दान स्वरूप कुछ पैसा भी दान करेंगे। इस संबंध में समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन ने सभी ग्रामीणों से आग्रह किया कि चंदा से उठा पैसा का गलत उपयोग नहीं किया जाए। इससे हड़िया, दारू नहीं खरीदा जाए, बल्कि इस पैसे से मंझी थान मरम्मत और पूजा जैसे कार्याें में खर्च किया जाए।
पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) में बेंजामिन मुर्मू, अरबिंद सोरेन, रुबिलाल सोरेन, जीतन मरांडी, सोम हांसदा, प्रधान मुर्मू, निनुस मरांडी, पलटन मुर्मू, दुलाड़ हेम्ब्रम, बबलू सोरेन, आशा मरांडी, मेरी हेम्ब्रम, प्रमिता सोरेन, प्रियंका टुडु, शीलवंती सोरेन के साथ काफी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चे उपस्थित थे।