माहमोड़े पूजा मनुष्यों की सुख समृद्धि के साथ पशुओं के स्वास्थ्य के लिए की जाती है, जबकि काराम पूजा अच्छी फसल और मवेशियों की वृद्धि के लिए की जाती है।
दुमका: दुमका जिले के दुमका सदर प्रखंड के लेटो गांव में संताल आदिवासी समाज का पारंपरिक माहमोड़े पूजा एवं काराम पूजा हर्षाेल्लास और धूमधाम के साथ बुधवार, 18 नवंबर को मनाया गया। दोनों पूजा में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और गांव की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
माहमोड़े पूजा: संताल आदिवासी समाज में गांव की सुख-शांति और सामूहिक कल्याण के लिए माहमोड़े पूजा की जाती है। यह पूजा मनुष्यों के साथ-साथ मवेशियों के लिए भी की जाती है, ताकि मवेशी बीमार नहीं पड़ें और हमेशा स्वस्थ रहें। इस पूजा का आयोजन प्रत्येक पांच वर्ष में किया जाता है। गांव में किसी सामूहिक महामारी, बीमारी या प्राकृतिक आपदा के आने पर भी ग्रामीण जाहेर थान में जल अर्पित कर इष्ट देवता से विनती एवं प्रार्थना करते हैं कि वे सभी को विपत्तियों से बचाएं।

पूजा का दृश्य।
इसी परंपरा के तहत लेटो गांव में माहमोड़े पूजा का आयोजन मांझी थान और जाहेर थान, दोनों पूजा स्थलों पर किया गया। इस अवसर पर दोनों स्थानों पर पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार बलि दी गई। मांझी थान में पाठा(बकरा) तथा जाहेर थान में बकरी की बलि दी गई। पूजा के बाद प्रसाद के रूप में इसे सभी ग्रामीणों के बीच वितरित किया गया, जिसे ग्रामीणों ने श्रद्धापूर्वक ग्रहण किया।

काराम पेड़ की टहनी को गांव में लाने का दृश्य।
काराम पूजा: गांव में सुख-शांति, समृद्धि, अच्छी फसल, धन-संपत्ति तथा मवेशियों की वृद्धि की कामना के साथ काराम पूजा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर काराम गुरु बाबा सोने बास्की के नेतृत्व में पारंपरिक विधि-विधान के साथ काराम पेड़ की एक डाली काटकर नृत्य, संगीत के साथ गांव लाया गया। इसके बाद उसे गांव के मांझी थान के बगल में विधिपूर्वक गाड़ा गया, उसी के बगल में करमा ठीली(छोटा घड़ा) भी रखा गया और उसकी पूजा-अर्चना की गयी। इस दौरान काराम गुरु बाबा सोने बास्की ने गीतों के माध्यम से मानव सृष्टि की उत्पत्ति एवं संसार की रचना से जुड़ी पारंपरिक मान्यताओं का वर्णन किया तथा विनती और प्रार्थना की।

काराम पेड़ की टहनी को मंझी थान (मांझी स्थान) के सामने गाड़ा गया।
पूजा में गांव की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाएं सूप में धान, दूबी घास, भेलाजा घास, सिंदूर, काजल, सरसों तेल और दीया सहित अन्य पूजन सामग्री लेकर आयीं और पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार काराम डाली का चुमड़ा (पूजन) किया।

पूजा का दृश्य।
इस तरह लेटो गांव में दोनों पारंपरिक पर्व धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ। इस पावन अवसर में सुनील टुडू, सोहराय टुडू, दुर्गा मरांडी, सोम किस्कू, काहा मरांडी, जोमोल मरांडी, कार्तिक मरांडी, रामजीत टुडू, मनोज मरांडी, अनिल टुडू, फिरोज टुडू, सुनिराम टुडू, बाबुधन मरांडी, लुखिराम टुडू, प्रेम मरांडी, गणेश मरांडी, मलोती हांसदा, मकलू किस्कू, मोनी हांसदा, प्रेमलता मुर्मू, पूनम, सुनीता हांसदा, मेरीनीला मुर्मू, लुखी सोरेन, बहामुनी टुडू, होपोंटी किस्कू, मुन्नी के साथ काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।