चाय बागान मजदूरों के मुद्दे पर मंत्री के बयान का पीबीसीएमएस ने किया स्वागत, लेकिन याद दिलाया काम

पीबीसीएमएस ने पश्चिम बंगाल की नई सरकार के श्रम मंत्री अर्जुन सिंह के उस बयान का स्वागत किया है जिसमें उन्होंने कहा है कि मजदूरों का पीएफ, ग्रेच्युटी और बकाया चुकाने के लिए बागान प्रबंधन को एक महीने का समय दिया जाएगा, जिसके बाद एफआइआर की कार्रवाई की जाएगी।

कोलकाता: पश्चिम बंगाल चाय मज़दूर समिति पीबीसीएमएस ने पश्चिम बंगाल के चाय उद्योग के संकट पर 12 जुलाई 2026 को सिलीगुड़ी में श्रम मंत्री अर्जुन सिंह के द्वारा दिये गए बयानों का स्वागत किया है और इसे मज़दूरों के संघर्ष की जीत बताया है। पीबीसीएमएस ने अपने बयान में कहा है, बंद बागानों, बागानों के गैर कानूनी संचालन, मज़दूरों के बकाया का भुगतान न होने और चाय बागान की जमीन के गलत इस्तेमाल के बारे में उनकी स्वीकारोक्ति उन चिंताओं को संबोधित करती है जिन्हें संगठन ने बार-बार श्रम विभाग और राज्य सरकार के सामने उठाया है।

पीबीसीएमएस ने अपने वक्तव्य में कहा है, हम खास तौर पर उस घोषणा का स्वागत करते हैं जिसमें कहा गया है कि प्रबंधन को प्रोविडेंट फंड पीएफ और ग्रेच्युटी का बकाया चुकाने के लिए एक महीने का समय दिया जाएगा, जिसके बाद एफआइआर और आपराधिक कार्यवाही हो सकती है। मज़दूरों के पीएफ का योगदान अक्सर काट लिया जाता है लेकिन जमा नहीं किया जाता, जबकि कई बागानों में ग्रेच्युटी, वेतन, बोनस और छुट्टी का भुगतान नहीं किया जाता है।

पीबीसीएमएस ने कहा है कि हमने पिछली सरकार के सामने बार-बार ये मामले उठाए लेकिन सफलता नहीं मिली। विधानसभा चुनाव के बाद हमारे सदस्यों ने सभी संबंधित विधायकों व सांसदों को अपनी मांगें सौंपी। 25 जून 2026 को खास तौर पर अतिरिक्त श्रम आयुक्त को मेरिको.सम्मेलन समूह और मर्चेंट मोंगर एग्रोटेक प्राइवेट लिमिटेड से जुड़े बागानों में नियमों के उल्लंघन की जानकारी दी गई। इसके अलावा, चुनाव के बाद मेरिको.सम्मेलन बागानों के मज़दूरों ने गेट मीटिंग कीं और पुलिस को सबूत सौंपे। नागेश्वरी में इस मुद्दे पर 2 जुलाई से लगातार 10 दिनों तक गेट मीटिंग की गईं।

संगठन ने कहा है कि हम इस बात को स्वीकार करते हैं कि सरकार के पास बंद और गैर कानूनी रूप से चल रहे बागानों की पूरी सूची नहीं है और हम उनके इस आश्वासन का भी स्वागत करते हैं कि आवश्यकता पड़ने पर नए प्रबंधन के जरिए बागानों को फिर से खोला जाएगा। पीबीसीएमएस ने उन मालिकों के लीज़ रद्द करने की मांग की है जो बागान छोड़ देते हैं या कानूनी रूप से ज़रूरी बकाया नहीं चुकाते हैं। साथ ही मज़दूरों का बकाया वसूलने और डिफॉल्टरों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई करने की भी मांग की है। पीबीसीएमएस ने कहा है कि कई बागानों में फावला शुरू करने या बहाल करने की कोई समय सीमा नहीं है।

संगठन ने कहा है कि सरकार ने बुरी तरह से प्रभावित बागानों को फिर से शुरू करने के लिए ज़रूरी वित्त, संस्थागत व्यवस्था या मज़दूरों की भागीदारी के बारे में कोई घोषणा नहीं की है। मज़दूरों के बकाया भुगतान पर सुप्रीम कोर्ट की लंबे समय से लंबित प्रक्रिया को भी जल्द पूरा किया जाना चाहिए। आरटीआइ के एक आधिकारिक जवाब से पता चलता है कि डिमडिमा, बुंदापानी, ढेकलापाड़ा, गरगंडा और श्रीनाथपुर की लीज़ खत्म हो चुकी है, जबकि बिरपाड़ा, हंटापाड़ा, डुमचीपाड़ा और तुलसिपाड़ा के लिए प्रस्तावित लॉन्ग.टर्म सेटलमेंट अभी तक लागू नहीं हुए हैं। सरकार को अवैध कब्ज़ेदारों या ऑपरेटरों की जांच करके उन्हें हटाना चाहिए और साथ ही मज़दूरों के रोज़गार, वेतन, आवास और कानूनी अधिकारों की पूरी सुरक्षा करनी चाहिए।

पीबीसीएमएस ने कहा है कि हमारा संगठन इस बात पर बारीकी से नज़र रखेगा कि इन बयानों पर अमल होता है या नहीं और सरकार को उन कामों की याद दिलाता रहेगा जो अभी बाकी हैं।

Leave a Reply